Tue. Sep 1st, 2026

Azamgarh News: होली व रमजान को लेकर डीआईजी और एसएसपी ने कोतवाली क्षेत्र में किया फ्लैग मार्च

शेयर जरूर कीजिए.

आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 01.03.2026 को पुलिस उप-महानिरीक्षक, Azamgarh परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस व पीएसी बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च Kotwali Police Station से प्रारंभ होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर सहित अन्य घनी आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने एवं नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित अन्य अधिकारीगण, महिला पुलिस, थाना कोतवाली पुलिस बल एवं पीएसी बल मौजूद रहे।

अधिकारियों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर होली एवं रमजान के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मस्जिदों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासनादेश के अनुरूप ही किया जाएगा।

जनपद पुलिस ने आमजन से दोनों पावन अवसरों को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *