Fri. Aug 28th, 2026

नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, फर्जी टीटी आईडी बनाकर युवक को बनाया शिकार

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़ की कन्धरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवक को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ठग लिए थे।

पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को जनार्दन यादव निवासी इसहाकपुर थाना कन्धरापुर ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र अमन को टीटी के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक ने लाखों रुपये ले लिए। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था।

जब पीड़ित पक्ष ने अपनी धनराशि वापस मांगी तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इस मामले में थाना कन्धरापुर पर मु0अ0सं0-108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान 29 मई 2026 को उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मद्धेशिया और उनकी टीम ने आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक निवासी कमला नगर कॉलोनी थाना लालपुर पाण्डेयपुर जनपद वाराणसी को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।

Related Post

One thought on “नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, फर्जी टीटी आईडी बनाकर युवक को बनाया शिकार”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *