Mon. Aug 24th, 2026

निजामाबाद में भाजपा की दावेदारी मजबूत कर रहे दीपक राय

शेयर जरूर कीजिए.

निजामाबाद में भाजपा की बढ़ती सक्रियता, दीपक राय ने पेश की मजबूत दावेदारी
मां शीतला धाम, दुर्वासा और दत्तात्रेय धाम में दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद, क्षेत्र के विकास को लेकर गिनाईं प्राथमिकताएं

आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में अब भाजपा भी अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी बीच प्रमुख समाजसेवी दीपक राय का नाम भाजपा के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में आया है।

निजामाबाद विधानसभा सीट लंबे समय से समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाली सीट मानी जाती रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी आलम बदी ने यहां जीत दर्ज की थी। उनके निधन के बाद अब सपा के सामने नए प्रत्याशी के चयन के साथ-साथ अपने पुराने जनाधार को बनाए रखने की चुनौती भी होगी। ऐसे राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भाजपा की ओर से संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है।

इसी क्रम में दीपक राय ने निजामाबाद क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों मां शीतला धाम, दुर्वासा धाम और दत्तात्रेय धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। उनके इस धार्मिक दौरे को राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और भाजपा से संभावित टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में दीपक राय ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने निजामाबाद-लाहिड़ीह मार्ग और निजामाबाद-भदुली मार्ग की जर्जर स्थिति को प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि इन सड़कों के सुधार की दिशा में जल्द ही पहल शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े अन्य मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व के निर्देश और क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

दीपक राय की बढ़ती सक्रियता से निजामाबाद की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। अब देखने वाली बात होगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है और क्या वह समाजवादी पार्टी के मजबूत जनाधार वाले इस क्षेत्र में सेंध लगाने में सफल हो पाती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *