आजमगढ़ जनपद के थाना रौनापार क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टेलीग्राम पर गेम खेलने के नाम पर टास्क पूरा करने और अधिक लाभ का लालच देकर आवेदिका कविता पुत्री जयनरायन निवासी खैरघाट से 20,600 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। पीड़िता ने 1 अप्रैल 2025 को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान थाना रौनापार की साइबर टीम ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम की तत्परता से HDFC बैंक खाते में जमा 14,068.99 रुपये को होल्ड कराया गया। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर संबंधित बैंक को भेजा गया। कोर्ट के आदेश पर यह रकम पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई से पीड़िता को आंशिक राहत मिली है और पुलिस की इस पहल से साइबर अपराधों के शिकार लोगों में विश्वास बढ़ा है। थाना रौनापार की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।