Sun. Sep 27th, 2026

आजमगढ़: वंचित शोषित युवा जागरूकता महारैली में ओमप्रकाश राजभर का तीखा प्रहार, बोले – “हम लोडर नहीं, लीडर बनाना चाहते हैं”

शेयर जरूर कीजिए.

अतरौलिया (आजमगढ़), 11 जून – आजमगढ़ के अतरौलिया में बुधवार को पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज मैदान में वंचित और शोषित युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशाल वंचित शोषित युवा जागरूकता महारैली का आयोजन किया गया। इस रैली की अध्यक्षता भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कबीना मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने जनसमूह को संबोधित किया।

राजभर ने अपने ओजपूर्ण भाषण में कहा, “भागीदारी पार्टी समाज के वंचित और शोषित वर्गों के युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है। जिस दिन यह युवा वर्ग अपने हक के लिए खड़ा हो गया, उस दिन परिवर्तन निश्चित होगा।” उन्होंने कहा कि युवाओं का रुझान तेजी से उनकी पार्टी की ओर बढ़ रहा है और भागीदारी पार्टी उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनती जा रही है।

“हम लोडर नहीं, लीडर बनाना चाहते हैं”

मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा, “हम गुलाम को गुलामी का एहसास कराते हैं, लोडर नहीं, लीडर बनाना चाहते हैं।” उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने महाराजा सुहेलदेव जैसे राष्ट्रनायकों को भुला दिया, जबकि एनडीए सरकार ने उनका सम्मान करते हुए इतिहास को पुनर्जीवित किया है। उन्होंने बताया कि बहराइच में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का लोकार्पण इसका प्रमाण है।

जौनपुर हमले को लेकर बड़ा दावा

जौनपुर में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर पर हुए हमले को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि यह हमला माल के बंटवारे को लेकर हुआ है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि सपा ने उनकी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की और उनके नेताओं को लालच देकर अपनी ओर खींचने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, “महेंद्र राजभर पर हमला उचित हिस्सा न मिलने के कारण हुआ।”

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव पर भी तंज

ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव पर तंज कसते हुए कहा, “क्या आजमगढ़ में कोई और यादव नेता नहीं है जो चुनाव लड़ सके? केवल आप ही सैफई से आकर बार-बार चुनाव लड़ते हैं, क्या बाकी यादव सब गुलाम हैं?”

विपक्ष पर तीखा हमला

विपक्षी दलों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “भगवान राम का मंदिर बन रहा है, महाराजा सुहेलदेव की मूर्ति का अनावरण हो चुका है, गरीबों को आयुष्मान कार्ड मिल रहे हैं और विपक्ष इन सबका विरोध कर रहा है। लगता है जैसे वे पाकिस्तान का पानी पी लिए हैं।”

Join Us

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *