समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर लोहिया वाहिनी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सूरज राजभर की अध्यक्षता में एवं समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर महाराजा सुहेलदेव राजभर जी की जयंती मनाई गई और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने पर विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा सरकार पर जमकर बरसे हवलदार यादव
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव राजभर जी ने जुल्म और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया था। उनका जीवन और विचार हमें सामाजिक न्याय की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार महापुरुषों का अपमान करती है और उनके आदर्शों को दरकिनार कर रही है। भाजपा सरकार में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों, नौजवानों, किसानों, बेरोजगारों और बुनकरों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और जनता इससे त्रस्त हो चुकी है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मिलकर भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनकर उत्तर प्रदेश का नेतृत्व करेंगे।

महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों को अपनाने का संकल्प
लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सूरज राजभर ने कहा कि चक्रवर्ती राष्ट्रवीर सम्राट महाराजा सुहेलदेव राजभर जी ने मुगलों के अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर सामाजिक न्याय की अलख जगाई थी। उनका जीवन संघर्ष और उनके विचार सदियों तक अमर रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
नव नियुक्त पदाधिकारियों का किया गया स्वागत
बैठक के दौरान लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सूरज राजभर ने संगठन को सशक्त बनाने के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की। जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी को संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर अजीत कुमार राव, राजेश यादव, कुणाल मौर्य, आशुतोष चौधरी, जीएस प्रियदर्शी, अखिलेश राजभर, कपिल देव मौर्य, शुभम तिवारी, शैफ खान, रामरतन मौर्य, मनीष पाल, मुन्ना राजभर, शरद यादव, घनश्याम यादव, मनप्रीत राजभर, विजय यादव, विपिन कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।