उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। गोरखपुर और बस्ती मंडल में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य झुलस गए।
गोरखपुर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ीं। गोरखपुर में तेज रफ्तार हवाओं के साथ ओले गिरे। मौसम की मार से फसलें भी व्यापक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मृतकों की पहचान गोरखपुर के सौरभ और सुशील देवी तथा बस्ती के राम चरण और चंद्रावती के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को मुआवजा देने और प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि सीएम के निर्देशों के बाद मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और प्रभावित किसानों को भी 24 घंटे के भीतर क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
इस बीच, मौसम विभाग ने शुक्रवार को तराई क्षेत्र और दिल्ली से सटे 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। बुंदेलखंड और दिल्ली-एनसीआर के 12 जिलों में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं के मिलन से यह परिवर्तनकारी मौसम बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह प्रभावित रहेगा।




- आजमगढ़:नई किरण’ प्रोजेक्ट से 4 बिखरते परिवारों को मिला नया जीवन, आपसी समझौते से सुलझे विवाद
- पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पवई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार
- पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
- हत्या के मुकदमे में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, गम्भीरपुर पुलिस की कार्रवाई
- गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, तरवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई