Fri. Sep 25th, 2026

Azamgarh news:महाकुंभ भगदड़ में मृतकों के आंकड़े न जारी करने पर भी सवाल

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़। शनिवार को सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वक्फ संपत्तियों को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे कानून संशोधन पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश रच रही है।

सांसद यादव ने कहा, “वक्फ की जो जमीनें हैं, जिन्हें लोग ऊपर वाले के नाम पर दान करते हैं, उन पर भाजपा नेताओं की नजर है। कानून में संशोधन कर और अधिकारियों व गैर जरूरी लोगों को वक्फ कमेटी में डालकर इन जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है।”

प्रयागराज महाकुंभ के दौरान भगदड़ में मृतकों के आंकड़े सार्वजनिक न करने पर भी सांसद ने सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, “महाकुंभ में स्नान करने वालों की गिनती हो सकती है, लेकिन भगदड़ में मरने वालों की गिनती क्यों नहीं? लापता लोगों की गिनती नहीं हो पा रही है। मुझे आशंका है कि ये लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं।”

धर्मेंद्र यादव ने बेरोजगारी, किसानों की आय और काला धन जैसे मुद्दों पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा, “बेरोजगारों को रोजगार कब मिलेगा? किसानों की आमदनी कब बढ़ेगी? स्विश बैंक से 100 दिन में काला धन लाने का वादा किया गया था, वह वादा क्यों पूरा नहीं हुआ?”

उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आजादी के 75 सालों में पहली बार डॉलर की कीमत 88 रुपये के पार पहुंच गई है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की आर्थिक विफलता का परिणाम बताया।उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की हार पर उन्होंने कहा कि “वोटों की डकैती” की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से 500 लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सांसद धर्मेंद्र यादव ने देश के मौजूदा हालात को लेकर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि भाजपा सरकार के दौरान देश के लोगों का ऐसा अपमान पहले कभी नहीं हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *