Fri. Oct 2nd, 2026

बागपत: तलाक मांगने पर विवाहिता ने की आत्महत्या, हाथ-पैर पर लिखा सुसाइड नोट, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

शेयर जरूर कीजिए.

बागपत, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिले के रठौड़ा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता मनीषा ने ससुराल पक्ष द्वारा तलाक का दबाव बनाए जाने और लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मनीषा ने आत्महत्या से पहले अपने हाथ-पैर पर सुसाइड नोट लिखकर अपने पति, सास, ससुर और दो देवरों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।

जानकारी के मुताबिक, मनीषा की शादी वर्ष 2023 में गाजियाबाद जिले के सिद्धिपुर गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी में दहेज स्वरूप बुलेट बाइक दी गई थी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष ने थार गाड़ी और लाखों रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, मांग पूरी न होने पर मनीषा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि शराब पीकर पति उसे कमरे में बंद कर पीटता था और कई दिन भूखा भी रखता था।

मनीषा ने आत्महत्या से पहले अपने शरीर पर सुसाइड नोट लिखते हुए बताया कि ससुराल वालों ने उसे जबरन दवाइयां खिलाकर गर्भपात भी कराया था। गांव में हुई पंचायतों में भी समाधान नहीं निकला। पंचायत के दौरान पति ने तलाक के लिए दबाव डाला और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

मनीषा पिछले एक साल से अपने मायके रठौड़ा गांव में रह रही थी। हाल ही में एक पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में तलाक की सहमति बनी थी, लेकिन जब पति ने कागज़ों पर हस्ताक्षर के लिए दबाव डाला तो मनीषा ने मना कर दिया। इसके बाद वह काफी उदास रहने लगी। मंगलवार रात जब परिवार के अन्य सदस्य सो गए तो मनीषा ने खेतों में डालने वाला कीटनाशक पी लिया। बुधवार सुबह परिजनों ने उसका शव कमरे में पड़ा पाया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से जांच कराई। मनीषा के शरीर पर लिखे सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जल्द ही मामला दर्ज किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के पिता तेजवीर, जो गाजियाबाद एमसीडी में कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी धूमधाम से की थी, लेकिन ससुराल वालों की लालच और बेरहमी ने उनकी बेटी की जान ले ली। मनीषा चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *