Fri. Sep 25th, 2026

जयपुर में सड़क हादसा: खाटू श्याम दर्शन को निकले लखनऊ के एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत

शेयर जरूर कीजिए.

राजस्थान के जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में लखनऊ निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र के मुसाहिबगंज निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक सिंह (32) अपनी पत्नी प्रियांशी (33), छह माह की बेटी श्री, पिता सत्यप्रकाश सिंह (65) और मां रमादेवी (63) के साथ कार से खाटू श्याम मंदिर जा रहे थे। तभी जयपुर के जमवारामगढ़ इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जो गलत दिशा से आ रहा था, उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक सत्यप्रकाश सिंह हजरतगंज स्थित एक वैक्यूम क्लीनर कंपनी में मैनेजर थे, जबकि उनका बेटा अभिषेक नोएडा स्थित एचसीएल कंपनी में कार्यरत था। बहू प्रियांशी बैंक ऑफ बड़ौदा की गोमतीनगर शाखा में मैनेजर थीं।

परिवार की रिश्तेदार निरुपमा के मुताबिक, शनिवार सुबह अभिषेक के माता-पिता अपनी बेटी रश्मि और दामाद मयंक से मिलने के लिए मैनपुरी रवाना हुए थे। वहां अभिषेक और उनकी पत्नी व बच्ची भी पहुंच गए थे। रविवार सुबह सभी लोग दो कारों में खाटू श्याम के लिए निकले थे। एक कार में अभिषेक और उनका परिवार था, जबकि दूसरी कार में रश्मि, मयंक और उनके दो बच्चे थे।

घटना की जानकारी तब हुई जब काफी आगे निकल जाने के बाद मयंक ने अपने ससुर सत्यप्रकाश को कॉल किया लेकिन जवाब नहीं मिला। जब वे वापस लौटे तो कुछ दूरी पर उन्हें कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। पास जाकर देखा तो सभी की मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़े भाई हिमांशु सिंह और अन्य परिजन तुरंत जयपुर के लिए रवाना हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेलर गलत दिशा में आ रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई।

इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। हंसते-खेलते परिवार की तीन पीढ़ियों का इस तरह एक साथ चले जाना लोगों के लिए गहरा सदमा है।

Join Us

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *