Sun. Aug 23rd, 2026

विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना: आजमगढ़ में 1200 पारंपरिक कारीगरों को मिलेगा प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट, 20 जुलाई तक करें आवेदन

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़, 4 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में आजमगढ़ जनपद के 1200 पारंपरिक कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को निःशुल्क प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए इच्छुक पात्र अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है। चयनित लाभार्थियों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनके व्यवसाय से संबंधित आधुनिक टूलकिट भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद में विभिन्न व्यवसायों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत बढ़ई के 100, नाई के 50, लोहार के 50, कुम्हार के 50, हलवाई के 225, मोची के 25, राजमिस्त्री के 75, धोबी के 50 तथा दर्जी के 575 लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल मिलाकर 1200 कारीगरों को योजना का लाभ मिलेगा।

योजना के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक विभागीय पोर्टल http://diupmsme.upsdc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन किसी भी स्थिति में मान्य नहीं होंगे।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का चयन निर्धारित मानकों एवं स्कोर कार्ड के आधार पर जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र, आजमगढ़ में गठित समिति द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए तथा वह उत्तर प्रदेश का मूल निवासी हो। योजना के लिए किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। साथ ही, आवेदक ने भारत सरकार या उत्तर प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत पिछले दो वर्षों में टूलकिट का लाभ प्राप्त न किया हो। योजना का लाभ परिवार (पति/पत्नी) के केवल एक सदस्य को एक बार ही दिया जाएगा। पात्रता की सभी शर्तों के संबंध में आवेदक को घोषणा-पत्र भी देना होगा।

उपायुक्त उद्योग ने जनपद के पात्र पारंपरिक कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सुमित कुमार श्रीवास्तव से मोबाइल नंबर 8808123450 पर या कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, आजमगढ़ में कार्यालय अवधि के दौरान संपर्क किया जा सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *