Fri. Sep 25th, 2026

Azamgarh News: बन्धुआ श्रम उन्मूलन अभियान के तहत ईंट भट्ठे पर छापेमारी, 12 श्रमिक कराए गए मुक्त

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़। बन्धुआ श्रम एवं बाल श्रम अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने थाना अहरौला क्षेत्र स्थित एमएस एएस ईंट भट्ठा उद्योग, चौफाला शम्साबाद पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान बन्धुआ श्रम में कार्यरत 12 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

यह कार्रवाई निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के नेतृत्व एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी थाना ए.एच.टी. के पर्यवेक्षण में की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और श्रमिकों को अवमुक्त कराते हुए भट्ठा मालिक से उनकी उचित मजदूरी एवं किराया दिलवाया गया।

Join Us

मुक्त कराए गए सभी श्रमिकों को सुरक्षित साधनों के माध्यम से उनके गृह जनपद विलासपुर, छत्तीसगढ़ भेजने की व्यवस्था की गई। मामले में संबंधित भट्ठा मालिक के विरुद्ध श्रम विभाग द्वारा नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गई है।

कार्रवाई के बाद संयुक्त टीम द्वारा आस-पास के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बाल श्रम एवं बन्धुआ श्रम न कराने को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, गैराज एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए गए तथा 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 जैसे टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी आमजन को दी गई।

इस अभियान में थाना ए.एच.टी. प्रभारी अभयराज मिश्र, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप सिंह एवं मो. नजरे आलम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जनपद पुलिस एवं श्रम विभाग ने भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *