Sat. Sep 26th, 2026

भगदड़ की अफवाह फैलाने पर आयोजक की तहरीर पर FIR दर्ज

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़। डीएवी इंटर कॉलेज में 27 सितंबर को आयोजित गरबा महोत्सव में भगदड़ और पथराव की अफवाह फैलाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कार्यक्रम के आयोजक प्रवीण सोनकर ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने प्रतिस्पर्धा और जलन के चलते उनके सफल आयोजन को बदनाम करने की साजिश रची।

आयोजक प्रवीण सोनकर ने कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में पूजा सिंह, सान्वी मौर्या और अभिषेक यादव उर्फ अभि को नामजद किया है। उनका कहना है कि उक्त आरोपियों ने पहले भी कार्यक्रम बाधित करने की धमकी दी थी। इस बार अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह किया गया, जबकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ था और मौके पर पुलिस-प्रशासन भी मौजूद रहा।

प्रवीण सोनकर ने बताया कि उन्होंने उपजिला मजिस्ट्रेट सदर से विधिवत अनुमति लेकर गरबा महोत्सव का आयोजन किया था। यह कार्यक्रम 27 सितंबर की शाम 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक निर्विघ्न संपन्न हुआ। इसके बावजूद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पथराव की झूठी खबरें फैलाकर आयोजन को विवादित करने की कोशिश की गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पूजा सिंह, सान्वी मौर्या और अभिषेक यादव उर्फ अभि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आयोजक ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *