Thu. Oct 1st, 2026

आज़मगढ़:खेत में करंट लगने से चाची-भतीजे की मौत, गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर के सामने रखा शव, भारी पुलिस बल तैनात

शेयर जरूर कीजिए.

आज़मगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के डिहवा तरौधी गांव में बुधवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे चाची-भतीजे की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आक्रोश में शवों को आरोपी के घर के सामने रखकर जमकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।

मिली जानकारी के अनुसार, डिहवा तरौधी गांव निवासी धीरज (18 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र अपनी चाची रजनी (40 वर्ष) पत्नी हरेन्द्र के साथ सुबह खेत में आलू की बुआई के लिए खेत तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बगल के खेत में लगे इलेक्ट्रिक फेंस (झटका मशीन) के तार से धीरज का फावड़ा टकरा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी लालमुनि ने फेंस में बैटरी की जगह 11 हज़ार वोल्ट की सीधी बिजली लाइन जोड़ रखी थी।

Join Us

तेज करंट की चपेट में आने से धीरज की मौके पर ही मौत हो गई। चाची रजनी ने जब उसे बचाने की कोशिश की, तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं। परिजन दोनों को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए शवों को आरोपी के घर के सामने रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर तीन थानों की पुलिस, सीओ और एसडीएम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *