Wed. Sep 16th, 2026

आजमगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर परिवार पर हमला और लूट, SP से लगाई न्याय की गुहार

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़,रानी की सराय थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव में जमीनी विवाद के चलते एक परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता शीला देवी पत्नी शिवसागर राजभर ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे उनके पड़ोसी—चमेली पत्नी सुभाष, संतोष राजभर पुत्र सुभाष, सोनी पुत्री सुभाष तथा अंकित पुत्र विनोद (निवासी तरवां)—हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता, उनके पति शिवसागर राजभर और बेटे अभिषेक को बेरहमी से पीटा। हमले में परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं।

शीला देवी का कहना है कि जब वह घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने उन्हें थाने में ही बैठाए रखा। इसी दौरान सुबह लगभग 8 बजे उनकी बहू संध्या ने फोन पर सूचना दी कि कुछ आरोपी दोबारा घर में घुसकर लूटपाट कर रहे हैं। संध्या ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर विपक्षीगण के घर से चोरी का कुछ सामान बरामद किया, जिसमें उज्ज्वला योजना का गैस सिलेंडर, टूटे हुए ताले और अन्य घरेलू वस्तुएं शामिल थीं। हालांकि पीड़िता का आरोप है कि कीमती जेवरात—जैसे सोने का झुमका, मांग टीका, अंगूठी, चांदी की पायल, करधनी और ₹5000 नकद—अब भी गायब हैं।

पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने केवल मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि दिनदहाड़े लूट और बरामदगी के बावजूद लूट की धाराएं नहीं जोड़ी गईं। उन्होंने कहा कि आरोपी अभी भी खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Join Us

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *