Fri. Sep 25th, 2026

Up News:समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्रा को दी श्रद्धांजलि

शेयर जरूर कीजिए.

Up News:समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क में पहुंचकर सपा के संस्थापक सदस्य रहे जनेश्वर मिश्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर सपा के कई नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा, “हम समाजवादियों ने जनेश्वर मिश्र जी को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवाद को बढ़ाने और किसान, गरीब, मजदूर सहित हर वर्ग के लोगों को सम्मान और समानता दिलाने के लिए समर्पित कर दिया।” उन्होंने आगे कहा कि जनेश्वर मिश्रा आजादी के बाद के उन नेताओं में से थे, जिन्होंने आर्थिक और सामाजिक समानता के लिए संघर्ष किया।

कैबिनेट बैठक पर साधा निशाना

इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रयागराज में हो रही कैबिनेट बैठक को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “महाकुंभ और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थान कैबिनेट फैसले लेने के लिए उपयुक्त नहीं हैं। पूरी कैबिनेट सिर्फ राजनीतिक उद्देश्यों के लिए काम कर रही है।” उन्होंने तंज करते हुए कहा कि गंगा स्नान करने वाले लोग तस्वीरें सोशल मीडिया पर नहीं डालते, क्योंकि यह उनकी व्यक्तिगत आस्था का विषय है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश में हो रही जमीन रजिस्ट्रियों को फर्जी बताया और राज्य सरकार को भू-माफिया करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी हो रही है और भाजपा सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।

इंडिया गठबंधन पर विचार

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “हम कांग्रेस के विरोध में नहीं हैं। इंडिया गठबंधन उसी के साथ खड़ा है, जो भारतीय जनता पार्टी को हराने का प्रयास कर रहा है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है और भाजपा के खिलाफ एकजुटता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

इस कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने समाजवाद और जनेश्वर मिश्रा के आदर्शों पर चर्चा की और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा दी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *