Wed. Sep 2nd, 2026

प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल में प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, प्रतिमा का हुआ अनावरण

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़, 18 जुलाई। जनपद के इटौरा-चंडेश्वर स्थित प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल में शुक्रवार को प्रथम शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रेरणास्रोत एवं प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन, समाज और राजनीति से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विवेक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुष्पांजलि अर्पित कर प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि प्रो. बजरंग त्रिपाठी को पूर्वांचल का “महामना” कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी। उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि पूर्वांचल को पीपीपी मॉडल पर स्थापित पहला सैनिक स्कूल मिला है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के संस्कार देने वाला संस्थान है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी देश के विकास और रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मंडलायुक्त ने कहा कि प्रदेश में पीपीपी मॉडल पर संचालित सैनिक स्कूलों की संख्या सीमित है और आजमगढ़ का यह संस्थान पूर्वांचल के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सैन्य विज्ञान के अध्यापक रहे प्रो. बजरंग त्रिपाठी का सपना था कि पूर्वांचल के विद्यार्थियों को सैनिक शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध हो।

समारोह को संबोधित करते हुए महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एजुकेशनल एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय भविष्य में राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित मेधावी विद्यार्थियों का निर्माण करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण ही उन्नति का वास्तविक मार्ग है।

विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। अतिथियों ने विद्यालय की आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, अनुशासित वातावरण और भावी योजनाओं की सराहना करते हुए इसे पूर्वांचल की महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल बताया।

Join Us

कार्यक्रम के अंत में संस्था के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना से परिपूर्ण बनाना है। उन्होंने विद्यालय को पूर्वांचल के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में स्थापित करने का संकल्प भी दोहराया।

इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त राम बाबू त्रिपाठी, ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एजुकेशनल एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के रविंद्र नाथ त्रिपाठी, एडवोकेट वेदांत त्रिपाठी, सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, भाजपा नेता अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’, सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, वेदांता इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक शिव गोविंद सिंह, सेंट्रल बार एसोसिएशन के आद्या प्रसाद सिंह सहित जिले के अनेक शिक्षाविद, विद्यालय प्रबंधक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें पूर्वांचल की शैक्षणिक चेतना का प्रेरणास्रोत बताया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *