गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, तरवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़ की तरवां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पानी की मोटर और वाहन चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का सदस्य है, जिसकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में थाना तरवां क्षेत्र में ड्यूबेल से मोटर चोरी और अन्य चोरी की कई घटनाएं दर्ज की गई थीं। 14 नवंबर 2024 को कम्हरिया निवासी सुजीत कुमार सिंह ने अपने ड्यूबेल से 2 एचपी मोनोब्लाक मोटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं 16 दिसंबर 2024 को भिलिहिली निवासी ओमप्रकाश सिंह ने 3 एचपी मोटर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था।

इसी दौरान कोतवाली क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटना भी सामने आई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने रामबदन राम, दीपक खरवार, शशिबिन्द राजभर, अतुल राजभर और मनीष राजभर के नाम प्रकाश में आने की बात कही।

पुलिस के अनुसार, गिरोह की आपराधिक गतिविधियों से आमजन में दहशत व्याप्त थी। इसके बाद थाना तरवां पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा, जिसे 26 मई 2026 को अनुमोदित किया गया। इसके आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी क्रम में 29 मई 2026 को थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार और उनकी टीम ने अभियुक्त मनीष राजभर पुत्र मनोज राजभर निवासी भिलिहिली थाना तरवां को तरवां नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल अमरजीत, कांस्टेबल नितेश चौरसिया और महिला कांस्टेबल प्रीती शामिल रहीं।

Leave a Comment