Sun. Sep 27th, 2026

माहुल में गरजे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, 2027 में आजमगढ़ की सभी सीटें जीतने का दावा

शेयर जरूर कीजिए.

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने आज माहुल कस्बे के टिकरिया मैदान में आयोजित महाराजा सुहेलदेव राजभर जयंती समारोह में विपक्ष और अपने ही गठबंधन सहयोगियों पर तीखा हमला बोला।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव को जो सम्मान भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिया है, वह आज़ादी के सात दशकों में किसी अन्य दल ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उनके नाम पर शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए, भव्य प्रतिमाएं लगवाईं और उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया।

मंत्री ने बिना नाम लिए एनडीए के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग महाराजा सुहेलदेव के नाम पर अपनी राजनीति चमका रहे हैं और समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजभर समाज अब ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक विरासत को सम्मान दिलाने का काम किया है।

2027 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मंत्री ने बड़ा दावा किया कि 2022 में भले परिणाम अनुकूल नहीं रहे हों, लेकिन 2027 में भाजपा आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और जिले में कमल खिलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा सुहेलदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। समारोह में बड़ी संख्या में राजभर समाज सहित सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *