Fri. Sep 4th, 2026

Azamgarh News: गोमाडीह, लालगंज में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की 123वीं जयंती

शेयर जरूर कीजिए.

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के गोमाडीह, लालगंज में किसानों, गरीबों और मजदूरों के मसीहा तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की 123वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी ने जमींदारी प्रथा का अंत कर किसानों और गरीबों को उनका अधिकार दिलाया। उन्होंने चकबंदी जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू कर ग्रामीण गरीबों के लिए आबादी की व्यवस्था सुनिश्चित की। चौधरी साहब का पूरा जीवन किसान, मजदूर और शोषित वर्ग के उत्थान को समर्पित रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए, जिससे आम जनता को अधिकार और सम्मान मिला। उन्होंने वर्तमान सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आज खेती घाटे का सौदा बन चुकी है और किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। चौधरी चरण सिंह जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम के दौरान अवकाश प्राप्त सैनिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनकी स्मृति में गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। इसके अलावा कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले भोजपुरी गायकों को आयोजक हरिप्रसाद दुबे द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव हरी प्रसाद दुबे ने किया। आयोजक हरिप्रसाद दुबे ने उपस्थित सभी अतिथियों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन चौधरी चरण सिंह जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *