आजमगढ़ | मुबारकपुर के मैदान में आयोजित भव्य जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्री शर्मा ने पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात मंत्री ने बूथ अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और समर्पित जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की।
अपने संबोधन में श्री शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार राष्ट्रवाद, सेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए संकल्पित है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और बलिदान के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके परिश्रम से ही देश के गरीबों का जीवन स्तर सुधर रहा है और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है देश को विकसित बनाना, जिसके लिए भाजपा को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है।”
श्री शर्मा ने आश्वासन दिया कि आजमगढ़ सहित पूरे पूर्वांचल के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को लेकर उन्होंने बताया कि जिले में 108 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है और बिलरियागंज में एक नया सब स्टेशन स्थापित किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें भैरव बाबा स्थल का भी समुचित विकास किया जा रहा है।
वक्फ संपत्ति के सदुपयोग को लेकर मंत्री ने कहा कि इसका उपयोग देश के विकास कार्यों में किया जाएगा, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।
पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में गरीबों के लिए जो कार्य किए, वह आजादी के बाद 75 वर्षों में नहीं हो सके। क्या उन्हें गरीब कल्याण के लिए 60 साल कम पड़ गए थे या वे मोदी जी का इंतजार कर रहे थे?”
मंत्री ने बताया कि भाजपा के 46वें स्थापना दिवस (06 अप्रैल) के उपलक्ष्य में 07 से 13 अप्रैल तक पूरे क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक शोभायात्रा, स्वच्छता अभियान, सम्मान समारोह और चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की, “डबल इंजन की गाड़ी में बैठिए, पंचर साइकिल में बैठने की भूल मत करिए।” मंत्री के आगमन पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष समेत हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।




- Azamgarh News: ट्रक ट्राला चोरी का खुलासा, अंतरजनपदीय गिरोह के 4 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
- Azamgarh News: मिशन शक्ति 5.0 के तहत परिवार परामर्श बैठक में एक प्रकरण का हुआ समझौता
- Azamgarh News: ग्राम प्रहरियों को वर्दी किट वितरण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल
- Azamgarh News: जानलेवा हमले के मामले में 24 घंटे के भीतर दो अभियुक्त गिरफ्तार, चाकू बरामद
- Azamgarh News: रास्ते के विवाद में लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, आला जुर्म बरामद