आजमगढ़। थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (National Cyber Security Awareness Month) के तहत रोडवेज बस अड्डा आजमगढ़ पर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात (नोडल अधिकारी साइबर क्राइम) तथा क्षेत्राधिकारी सदर (सहायक नोडल अधिकारी) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने लाउडहेलर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया तथा पंपलेट बांटकर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर ठग फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई अधिकारी या साइबर पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसों की मांग करते हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन में फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर, लिंक पर क्लिक करवाकर, गिफ्ट/लॉटरी के नाम पर, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स और स्नैपचैट पर अजनबियों से दोस्ती करके तथा म्यूल अकाउंट और फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए ठगी करते हैं।
इस दौरान नागरिकों को साइबर अपराध की घटना घटित होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की अपील की गई।
अभियान में मौजूद पुलिसकर्मियों में म0नि0 विभा पाण्डेय, का0 महिपाल यादव, म0का0 प्रियंका गौड़ और म0का0 संज्ञा शामिल रहीं।