आजमगढ़: जिले में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) और डिप्टी CMO डॉ. अरविंद चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों ने मिलकर स्वास्थ्य व्यवस्था को व्यापार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है और रिश्वतखोरी की बातचीत से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर सौंपी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष का आरोप है कि लेवल-3 के डॉक्टर होते हुए भी डॉ. अरविंद चौधरी को निजी अस्पतालों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, जबकि जिले में लेवल-4 के डॉक्टर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. चौधरी ने पहले निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी और क्लीनिकों को सीज करवाया और फिर उनसे प्रतिमाह ₹20,000 से ₹50,000 की अवैध वसूली शुरू कर दी।
ध्रुव कुमार सिंह ने दावा किया कि डॉ. अशोक कुमार और डॉ. अरविंद चौधरी की मिलीभगत से 100 से अधिक आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति में प्रति कर्मचारी ₹2.5 से ₹3 लाख की वसूली की गई। इसके अलावा, पुलिस भर्ती में मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर भी बड़े पैमाने पर धन उगाही का आरोप लगाया गया है।
शिकायती पत्र में न्यू आयुष नर्सिंग होम, लालगंज का मामला विशेष रूप से उजागर किया गया है। आरोप है कि CMO के आदेश पर अस्पताल को सीज किया गया था, लेकिन डॉ. चौधरी ने संचालक अभिषेक कुमार सरोज से ₹70,000 की रिश्वत लेकर उसे दोबारा संचालन की अनुमति दे दी। इतना ही नहीं, अभिषेक सरोज के पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं होने के बावजूद उन्हें फर्जी डॉक्टर बनाकर अस्पताल का पंजीकरण कराया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. अरविंद चौधरी पिछले 18 वर्षों से आजमगढ़ में तैनात हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।



- Azamgarh News: ऑपरेशन कनविक्शन में बड़ी सफलता, 23 साल पुराने हत्या मामले में पूर्व थानाध्यक्ष को आजीवन कारावास
- Azamgarh News : सरायमीर थाना क्षेत्र में छिनैती की घटना का खुलासा, दो अभियुक्त मोबाइल सहित गिरफ्तार
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन/मिशन शक्ति में बड़ी कामयाबी, नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 7 साल का कठोर कारावास व 15 हजार रुपये जुर्माना
- ऑपरेशन कनविक्शन” अभियान के तहत जहरीली शराब विक्रय के मामले में आरोपी को सजा
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन अभियान में बड़ी सफलता, जहरीली शराब विक्रेता को कारावास व 40 हजार रुपये जुर्माना