Sun. Sep 13th, 2026

चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, बेटियों संग अभद्रता व धमकी का आरोप

शेयर जरूर कीजिए.


पैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने खप्टिहा कलां चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर अभद्रता और छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

महिला का आरोप है कि 2 अप्रैल को जब वह खेत में फसल काट रही थी, तभी उसके देवर और ससुर ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने इस घटना की सूचना खप्टिहा कलां चौकी इंचार्ज को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि उसके देवर के चौकी इंचार्ज से अच्छे संबंध हैं, जिस कारण शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया।

इसके बाद महिला ने पैलानी थाने में भी तहरीर दी, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। निराश होकर उसने 5 अप्रैल को समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई। मामला जब उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया, तो 6 अप्रैल की शाम लगभग छह बजे चौकी इंचार्ज दो सिपाहियों के साथ महिला के घर पहुंचा।

पीड़िता ने बताया कि उस समय वह घर पर नहीं थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर के अंदर घुसकर उसकी दो पुत्रियों के साथ अभद्रता की। एक पुत्री को बुरी नीयत से पकड़कर घसीटा गया और फिर दोनों बेटियों को बाहर लाकर धमकाया गया।

महिला का दावा है कि उसकी पुत्री ने पूरी घटना का वीडियो बनाना चाहा, लेकिन चौकी इंचार्ज ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उन्हें चुप रहने की धमकी देकर चले गए।

पीड़िता ने मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उसे व उसके परिवार को न्याय दिलाया जाए।

Join Us

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *