लखनऊ: राजधानी लखनऊ में रियल एस्टेट कंपनी अंसल एपीआई और उसके प्रमोटर्स के खिलाफ गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। कंपनी पर आरोप है कि उसने आवंटियों से पैसा लेकर उन्हें भूखंड नहीं दिए और एलडीए के पास बंधक 411 एकड़ जमीन को फर्जी तरीके से बेच दिया।
एफआईआर में अंसल एपीआई, प्रमोटर्स प्रणव अंसल, सुनील अंसल, फ्रेंसेटी पैट्रिका अटकिशन और डायरेक्टर विनय कुमार सिंह का नाम शामिल है। यह केस एलडीए के अमीन अर्पित शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही जांच
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि कंपनी के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट 1984 और भारतीय संहिता की धारा 316(5), 318(4), 61(2), 352, 351(2), 338, 336(3), 340(2) और 111 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस केस की जांच इंस्पेक्टर सतीश राठौर को सौंपी गई है। आरोप है कि अंसल एपीआई ने ग्राम समाज, सीलिंग, तालाब, सरकारी जमीन, चेक मार्ग, नवीन परती, बंजर, नहर और नाली जैसी जमीनों को नियमों की अनदेखी कर बेचा, जिससे कंपनी पर 400 करोड़ रुपये की देनदारी बन गई है।
2268 आवंटियों ने की थी शिकायत, 235 करोड़ की आरसी जारी
शिकायत के अनुसार, अंसल एपीआई के खिलाफ 2268 आवंटियों ने रेरा (RERA) में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर 235 करोड़ रुपये की रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) जारी की गई थी, लेकिन कंपनी ने सिर्फ 118 करोड़ रुपये ही जमा किए।
इसके अलावा, आरोप है कि अंसल एपीआई के अधिकारियों ने एलडीए दफ्तर में कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और उन्हें डराया-धमकाया।
सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा, अरबों रुपये की कमाई
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि अंसल एपीआई ने सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग की और उन्हें बेचकर अरबों रुपये का मुनाफा कमाया। इसकी वजह से आम लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि सरकारी विभागों को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
सीएम योगी का सपा पर निशाना, “दोषियों को पाताल से भी खोज लाएंगे”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान अंसल ग्रुप को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोला। उन्होंने कहा,
“अंसल ग्रुप समाजवादी पार्टी का ही नमूना है। आप (सपा) अंसल ग्रुप की अवैध मांगों को पूरा करते रहे। हमने अंसल की सीमा घटाई, अब उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दोषियों को पाताल से भी खोजकर लाएंगे और सजा दिलाएंगे। यदि अंसल ग्रुप ने किसी निवेशक के साथ धोखा किया है, तो उसकी सारी संपत्ति जब्त कर लेंगे।”
योगी सरकार ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक निवेशक को उनका पैसा वापस दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और अंसल ग्रुप पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


- Azamgarh News: ऑपरेशन कनविक्शन में बड़ी सफलता, 23 साल पुराने हत्या मामले में पूर्व थानाध्यक्ष को आजीवन कारावास
- Azamgarh News : सरायमीर थाना क्षेत्र में छिनैती की घटना का खुलासा, दो अभियुक्त मोबाइल सहित गिरफ्तार
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन/मिशन शक्ति में बड़ी कामयाबी, नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 7 साल का कठोर कारावास व 15 हजार रुपये जुर्माना
- ऑपरेशन कनविक्शन” अभियान के तहत जहरीली शराब विक्रय के मामले में आरोपी को सजा
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन अभियान में बड़ी सफलता, जहरीली शराब विक्रेता को कारावास व 40 हजार रुपये जुर्माना