Azamgarh News: सरायमीर, निजामाबाद, फूलपुर, पवई एवं आसपास के थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक संगठित आपराधिक गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर अनवर पुत्र असलम को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नकबजनी, चोरी, पशु चोरी, वाहन चोरी और शासकीय संपत्ति की चोरी जैसी संगीन घटनाओं में लंबे समय से संलिप्त था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, अनवर अपने साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देता था। वर्ष 2024 में सरायमीर क्षेत्र में बकरी चोरी, मकान से मोटरसाइकिल व घरेलू सामान की चोरी, फूलपुर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से 31 बोरी गेहूं-चावल की चोरी तथा पवई क्षेत्र में ट्यूबवेल से विद्युत मोटर चोरी जैसी कई घटनाएं गिरोह द्वारा की गई थीं।
दिनांक 04 अगस्त 2024 को मुखबिर की सूचना पर थाना सरायमीर पुलिस ने गैंग लीडर अनवर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 09 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं लिंक नोडल अधिकारी के साथ संयुक्त बैठक में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई को स्वीकृति दी गई। इसी क्रम में थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0 17/26 धारा 2ख(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अनवर पुत्र असलम के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, शासकीय संपत्ति चोरी एवं आयुध अधिनियम से संबंधित कुल सात अभियोग दर्ज हैं। इनमें सरायमीर, फूलपुर और पवई थानों के कई मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं संगठित गिरोहों के विरुद्ध आगे भी कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।