थाना अतरौलिया, जनपद आज़मगढ़ से बड़ी खबर है। प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और वध में शामिल अन्तरजनपदीय गैंग के ₹25,000 के इनामिया अपराधी करीम को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। यह वही गिरोह है जिसने 08/09 नवंबर 2025 की रात ग्राम गोरथानी में बरदौर का ताला तोड़कर दो प्रतिबंधित पशुओं का वध किया था और मांस चोरी कर ले गए थे।
इस मामले में पहले ही दो आरोपी — इरफान पुत्र वाजिद अली और शहजादे आलम उर्फ़ चांद — को घटना में प्रयुक्त चापड़ और ₹10,500 नकदी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
22 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 04:08 बजे सुखीपुर अंडरपास के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। रोकने का संकेत देने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी करीम के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही पकड़ा गया। उसका साथी आरिफ मौके से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में विशेष टीम लगी हुई है।
घायल इनामी बदमाश की पहचान करीम पुत्र मकसूद अहमद निवासी रफीउल्लाहपुर, थाना जलालपुर, अंबेडकरनगर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और अवैध मांस बिक्री से अर्जित ₹3,200 बरामद किए गए।
पूछताछ में करीम ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और वध की घटनाएँ करता है। उसने बताया कि 08/09 नवंबर को गोरथानी में दो प्रतिबंधित पशुओं का वध उन्हीं लोगों ने किया था और मांस को आरिफ द्वारा लाई गई सफेद कार में भरकर ले जाया गया था। मांस बिक्री के बाद रकम आपस में बांटी गई थी।
करीम ने जिन साथियों के नाम बताए उनमें शामिल हैं—आरिफ पुत्र इरफान (फरार), इरफान पुत्र वाजिद अली, एकलाख अहमद, शमीम पुत्र मकसूद और शहजादे आलम उर्फ़ चांद।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 378/25 धारा 109(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा वह पहले से ही मु0अ0सं0 362/25 धारा 331(4), 305(a), 317(2) BNS, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट में वांछित था और ₹25,000 का इनामी घोषित था।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव, उपनिरीक्षक उमापति गिरी, उपनिरीक्षक जफर अयूब, हेड कांस्टेबल गोविन्द मौर्य, कांस्टेबल राजकरन सोनकर, कांस्टेबल मुकेश यादव और कांस्टेबल राकेश विश्वकर्मा शामिल रहे।