आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय, जनपद आजमगढ़ में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें सपा नेताओं ने जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में भाजपा की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जून 2025 को प्रस्तावित आजमगढ़ दौरे के पहले यह सवाल उठना लाज़िमी है कि आखिर जनपद के विकास को क्यों नजरअंदाज़ किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने आम चुनावों के दौरान घोषणा की थी कि आजमगढ़ का विकास वाराणसी और गोरखपुर की तर्ज पर किया जाएगा, लेकिन साढ़े आठ सालों में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं के अलावा कोई भी ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। कई अधूरे काम आज भी अधर में लटके हैं और उन्हें पूरा करने के लिए धन की व्यवस्था नहीं की गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि घाघरा नदी पर हाजीपुर (सगड़ी) से गोला (गोरखपुर) तक बनने वाले पुल का निर्माण कार्य अब तक अधूरा क्यों है जबकि इसका काम अखिलेश यादव की सरकार में शुरू हो गया था।
इसके अलावा पीजीआई-चक्रपानपुर सड़क और मेहनाजपुर-चिरैयाकोट फोरलेन योजना, कप्तानगंज-अहिरौला, सिकंदरपुर-नरियांव, महाराजगंज-बिलरियागंज, जीयनपुर, भदुली-निजामाबाद-पवई-कलान सड़क निर्माण पर भी सवाल उठाए गए।
बिजली और नहरों की बदहाल व्यवस्था
प्रेस वार्ता में बताया गया कि आजमगढ़ की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीण इलाकों में केवल 6-7 घंटे ही बिजली मिल रही है, वो भी लगातार कटौती के साथ। नहरों में पानी नहीं आने से किसान धान की ‘बेहन’ नहीं कर पा रहे हैं, जिससे खरीफ फसल प्रभावित हो रही है।
प्रशासनिक भ्रष्टाचार और योजनाओं में घोटाले
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि तहसीलों और थानों में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, मनरेगा जैसी योजनाओं में लूट मची है। मनरेगा मजदूरों को 5-6 महीने से मजदूरी नहीं मिली है।
एक्सप्रेस वे परियोजना पर गंभीर आरोप
जिलाध्यक्ष ने कहा कि चकिया-सुलिमापुर होकर आजमगढ़-गोरखपुर एक्सप्रेसवे जिसकी लंबाई मात्र 91.5 किमी है, उसकी अनुमानित लागत ₹7283 करोड़ दर्शाई गई है। इससे साफ है कि इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
विधायकों का हमला
विधायक अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के आजमगढ़ आगमन पर मुख्यमंत्री कार्यालय को जनप्रतिनिधियों से संवाद करना चाहिए था, लेकिन ऐसा न करके योगी सरकार ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है।
वहीं विधायक बेचई सरोज ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय पर अत्याचार बढ़ा है और मुख्यमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं।
सौतेला व्यवहार बंद करें: सपा की मांग
प्रेस वार्ता के अंत में सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की कि आजमगढ़ के साथ सौतेला व्यवहार न किया जाए और यहां के अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूर्ण कराया जाए।
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, अजीत कुमार राव, विवेक सिंह, जी.एस. प्रियदर्शी सहित कई सपा नेता उपस्थित रहे।
- Azamgarh News: ऑपरेशन कनविक्शन में बड़ी सफलता, 23 साल पुराने हत्या मामले में पूर्व थानाध्यक्ष को आजीवन कारावास
- Azamgarh News : सरायमीर थाना क्षेत्र में छिनैती की घटना का खुलासा, दो अभियुक्त मोबाइल सहित गिरफ्तार
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन/मिशन शक्ति में बड़ी कामयाबी, नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 7 साल का कठोर कारावास व 15 हजार रुपये जुर्माना
- ऑपरेशन कनविक्शन” अभियान के तहत जहरीली शराब विक्रय के मामले में आरोपी को सजा
- Azamgarh News : ऑपरेशन कनविक्शन अभियान में बड़ी सफलता, जहरीली शराब विक्रेता को कारावास व 40 हजार रुपये जुर्माना


